भाजपा विधायक राम कदम को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया, प्रदर्शन करने पालघर जा रहे थे
1 min read
मुंबई भाजपा विधायक राम कदम को मुंबई पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। कदम, पालघर के गढ़चिंचोली गांव में हुई 2 साधुओं की हत्या के विरोध में रैली निकालना चाहते थे। मुंबई से शुरू होने वाली इस रैली में वे पालघर जाकर भूख हड़ताल करने वाले थे। इससे पहले ही उन्हें और उनके समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि कोरोना लॉकडाउन और कानून व्यवस्था को देखते हुए कार्रवाई की गई। कदम को करीब एक घंटे खार पुलिस स्टेशन में रखने के बाद छोड़ दिया गया। अब वे फिर से पालघर जाने की परमिशन मांगने की कोशिश करेंगे।
आपको याद दिला दें कि पालघर के गढ़चिंचोली गांव में 16 अप्रैल को 2 साधुओं और उनके ड्राइवर की भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वे सूरत जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में करीब 154 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 11 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।